आंधी-बारिश के बाद प्रदेश में गुलाबी सर्दी की दस्तक
जयपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। आंधी-बारिश के बाद प्रदेश में अब गुलाबी सर्दी की दस्तक देने लगी है। प्रदेश के 18 शहरों का मंगलवार रात का पारा 20 डिग्री से नीचे रहा। प्रदेश में माउंट आबू और फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही। मौसम साफ रहने से आगामी समय में रात के पारे में और गिरावट देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, अलवर, पिलानी, सीकर, चित्तौडग़ढ़, डबोक, पाली, माउंट आबू, चूरू, नागौर, सिरोही, फतेहपुर, करौली, लूणकरणसर और झुंझुनूं का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 38.8 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 26.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। जयपुर में भी मौसम साफ रहा और सुबह-शाम गुलाबी सर्दी का अहसास हुआ। जयपुर का अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में राजसमन्द, उदयपुर, चित्तौडग़ढ़, भीलवाड़ा व झालावाड़ जिलों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। राज्य के पश्चिम भाग के जैसलमेर जिले में हल्की बारिश दर्ज हुई और राज्य के शेष भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। सर्वाधिक बारिश रायपुर भीलवाड़ा 10.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 24 अक्टूबर को बीकानेर संभाग व आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज हवाओं 30-40 किमी प्रतिघंटा के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश