आंधी-तूफान से विद्युत व्यवस्था हुई ध्वस्त, चार दिन में गिरे 489 पोल, कई गांवों की बिजली गुल रही

 


चित्तौड़गढ़, 02 जून (हि.स.)। जिले में पिछले चार दिनों से चल रहे आंधी-तूफान ने विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह चरमरा दिया है। तेज हवाओं से सैकड़ों पोल और दर्जनों ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से विद्युत निगम को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। निगम की टीमें पिछले चार दिन से युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हैं। करीब 500 विद्युत पोल और करीब 80 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। अंधड़ से जहां भी नुकसान हुआ, वहां की जानकारी लेकर टीम भेज राहत कार्य किए जा रहे हैं। जिले में मंगलवार दोपहर तक अधिकांश स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड चित्तौड़गढ़ अधीक्षण अभियंता रामसिंह यादव ने बताया कि जिले में विगत चार दिनों से लगातार अंधड़ के कारण निगम को नुकसान हुआ है। 29 मई से लेकर 1 जून तक विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर को नुकसान हुआ है। फिलहाल टीमें मरम्मत में जुटी हुई है और नुकसान का आंकलन भी निकाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि 29 मई को तेज हवाओं से 72 पोल टूट कर गिर गए। इसी तरह 30 मई को 83, 31 मई को 114 और सोमवार 1 जून को सबसे ज्यादा एक ही दिन में 220 पोल उखड़ गए। चार दिन में कुल 489 पोल गिरने से दर्जनों गांवों की आपूर्ति ठप हो गई।

अधीक्षण अभियंता ने बताया कि आंधी-तूफान में अब तक 80 से अधिक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसमें 29 मई को 14 ट्रांसफार्मर, 30 मई को 17, 31 मई को 22 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए। सबसे ज्यादा नुकसान 1 जून की शाम को हुआ। इसमें 30 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुवे हैं।

इधर, जानकारी में सामने आया कि एक ही दिन में 1 जून की रात 72 गांवों की बिजली गुल हो गई थी। 42 गांवों में रात 12 बजे तक आपूर्ति बहाल कर दी गई। शेष गांवों में मंगलवार को विद्युत व्यवस्था सुचारू की गई। जिले में गंगरार और बेगूं क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। वहीं 29 मई को 32 गांव, 30 को 26 गांव तथा 31 मई को 37 गांवों की बिजली प्रभावित हुई।

नुकसान के बाद निगम की टीमें लगातार मरम्मत में जुटी है। सूचना मिलने के तत्काल बाद अंधड़ रुकते ही राहत कार्य शुरू कर दिए गए। निगम की टीमों ने क्षतिग्रस्त पोल-ट्रांसफार्मर बदल कर नए सिरे से लाइनें खींची हैं। अधीक्षण अभियंता यादव ने बताया कि विभाग अपने स्तर पर लगातार व्यवस्थाएं सुचारू बनाए हुए है और मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल