अम्बेडकर-फुले विचार क्रांति महोत्सव 11 अप्रैल से
जयपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। अम्बेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी राजस्थान की ओर से 11 से 14 अप्रैल 2026 तक झालाना डूंगरी स्थित परिसर में अम्बेडकर-फुले विचार क्रांति महोत्सव 2026 आयोजित किया जा रहा है। इस महोत्सव में सुबह 11 से शाम 5 बजे तक विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की जाएगी, साथ ही खेल प्रतियोगिताएं, फिल्म स्क्रीनिंग होगी।
सोसायटी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईपीएस सत्यवीर सिंह ने बताया कि महान विभूतियों महात्मा ज्योतिबा फुले और डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों के जरिए जनजागृति लाने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। चार दिन में 12 संवाद सत्र होंगे। देशभर से आए 35 विशेषज्ञ यूजीसी एक्ट, आरक्षण, महिला सुरक्षा व सशक्तीकरण, शिक्षा, संविधान, स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन जैसे विषयों पर विचार रखेंगे। संस्था के कोषाध्यक्ष दयानन्द सक्करवाल ने बताया कि वक्ताओं में लेखक बच्चा लाल उन्मेष, भंवर मेघवंशी, पूर्व चेयरमैन, आरपीएससी हनुमान प्रसाद, पी सी हाड़िया, राम चोरड़िया, बी एल नवल, बी एल बैरवा, बी एल आर्य, कन्हैया लाल बैरवा, रामेश्वर प्रसाद बैरवा, डॉ. चेतराम रायपुरिया, डॉ. महेंद्र कुमार आनंद व भजन लाल रोलन समेत अन्य मशहूर हस्तियां शामिल है।
पहले दिन शनिवार सुबह 11 बजे से “शिक्षा बराबरी का अधिकार या एलीट का बिजनेस?, 'आज भी रिजर्वेशन?: सॉल्यूशन, या सिस्टम फेलियर का प्रूफ', 'समानता हक है या अभी भी संघर्ष' जैसे विषयों पर मंथन होगा। शाम 5 बजे महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन पर आधारित फूले मूवी की स्क्रीनिंग होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश