अपर निदेशक धौलपुर पंहुचे,चिकित्सा सेवाओं का लिया जायजा

 


धौलपुर, 25 जून (हि.स.)। प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थय विभाग के अपर निदेशक डॉ. हरिशंकर गुरूवार को धौलपुर पंहुचे। अपने प्रवास के दौरान डॉ. हरिशंकर ने जिला अस्पताल तथा एमसीएच विंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दवाओं की उपलब्धता,नि:शुल्क जांच योजना की प्रगति तथा अन्य संसाधनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों के पजिनों से भी संवाद कर उपचार तथा अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।

अपर निदेशक डॉ. हरिशंकर ने बताया कि उन्होंने लू तापघात,मौसमी बीमारियों तथा अन्य बीमारियों की दवाओं की उपलब्धता तथा नि:शुल्क जांच योजना की प्रगति देखी है।इसके साथ ही अस्पताल परिसर में साफ सफाई तथा अन्य मानाकों की भी निरीक्षण किया गया है। आज ही वार्ड में डॉग बाइट के एक रोगी बालक से मिलकर उसका हालचाल तथा उपचार की जानकारी भी ली है। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह की देखरेख में उसके बेहतर उपचार दिया जा रहा है। जिला अस्पताल की अन्य व्यवस्थाएं भी संतोषजनक मिली हैं।

जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डाॅ. समरवीर सिंह ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थय विभाग के निर्देश पर प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत अपर निदेशक डॉ. हरिशंकर तीन दिन के प्रवास पर धौलपुर आए हैं। अपर निदेशक तीन दिन के प्रवास के दौरान जिला अस्पताल सहित जिले के अन्य चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की जायजा लेंगें। इसके बाद में 25 जून को प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थय मंत्री को वीसी के माध्यम से धौलपुर जिले की स्वास्थय सुविधाओं के संबंध में एक प्रजेंटेशन भी देंगे। निरीक्षण के दौरान जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थय अधिकारी डॉ. शिवकुमार शर्मा एवं वरिष्ठ विशेषज्ञ दीपक जिन्दल सहित अन्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप