अजमेर में बारिश के बाद बढ़ी उमस, अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट
अजमेर, 31 जुलाई(हि.स.)। गुरुवार देर रात हुई बारिश के बाद शुक्रवार सुबह मौसम साफ होने के साथ तेज धूप निकल आई, जिससे शहर में उमस और गर्मी बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक जिले में तेज से भारी बारिश की संभावना जताई है।
विभाग के अनुसार इस मानसून सीजन में अजमेर में अब तक 304.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो सामान्य 221.2 मिमी की तुलना में करीब 83 मिमी (37.5 प्रतिशत) अधिक है। मानसून के 122 दिनों में से 60 दिन बीत चुके हैं, जबकि 62 दिन अभी शेष हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि तक जिले में 454.67 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। लगातार हो रही बारिश से जिले के बांधों और जलाशयों में पानी की आवक बनी हुई है। आनासागर, फॉयसागर, रामसर, लसाड़िया, बिसुन्दनी, लोरड़ी सागर सहित कई जलाशयों का जलस्तर बढ़ा है, जिससे जल भंडारण की स्थिति मजबूत हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष