अगस्त में मानसून ने फिर किया निराश, दो सितंबर से फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना
जयपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में अगस्त का महीना मानसून की बेरुखी के साथ विदा हुआ। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। केवल डूंगरपुर में हल्की बारिश हुई। जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और बीकानेर संभाग में आसमान साफ रहा। हालांकि दिनभर हवा चलने से कई स्थानों पर तापमान में मामूली गिरावट आ गई।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अगस्त में मानसून की कमजोर गतिविधि का असर प्रदेश की बारिश के आंकड़ों पर भी साफ दिखाई दिया। पूरे महीने राजस्थान में महज 66.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि अगस्त में सामान्य बारिश का आंकड़ा करीब 155 मिलीमीटर है। इस तरह प्रदेश में सामान्य से करीब 89 मिलीमीटर कम पानी बरसा।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। धूप निकलने के साथ तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि 2 सितंबर से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। बुधवार को छह जिलों में तेज बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद 3 और 4 सितंबर को 10 से अधिक जिलों में बारिश का यलो अलर्ट रहने की संभावना है।
सितंबर में भी मानसून के सामान्य से कमजोर रहने के संकेत मिल रहे हैं।
ऐसे में आने वाले दिनों में होने वाली बारिश किसानों और आमजन के लिए राहत लेकर आ सकती है, लेकिन प्रदेश में मानसून की कुल बारिश का आंकड़ा सामान्य तक पहुंचाने के लिए अभी अच्छी बारिश की जरूरत रहेगी।
सोमवार को प्रदेशभर में मौसम साफ रहा और कई इलाकों में तेज धूप निकली। हालांकि हवा चलने से तापमान में कुछ गिरावट आ गई। प्रदेश में दिन का सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 38.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया। अगस्त की विदाई के साथ मौसम में बदलाव के संकेत दिखाई दे रहे हैं, लेकिन अब नजर 2 सितंबर से शुरू होने वाले बारिश के संभावित दौर पर टिकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित