अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर केशव बिस्सा ‘रंगीला रत्न अवार्ड’ से हुए विभूषित

 


बीकानेर, 29 अगस्त (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय वेट लिफ्टर केशव बिस्सा को ‘रंगीला रत्न अवार्ड’ प्रदान किया गया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को रघुनाथसर कुआं स्थित भारतीय आदर्श विद्या मंदिर में पश्चिमी राजस्थान खेल लेखक संघ एवं रंगीला फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वावधान् में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि श्रीगंगानगर पोक्सो कोर्ट के विशेष सेशन न्यायाधीश योगेश जोशी थे। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना अच्छी परम्परा है। इससे इन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि हाॅकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद की स्मृति में प्रतिवर्ष खेल दिवस मनाया जाता है। इस दिन खेलों से जुड़ी अधिक से अधिक गतिविधियों का आयोजन किया जाए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला उद्योग संघ के सचिव वीरेन्द्र किराडू ने कहा कि खेल लेखकों ने बीकानेर का नाम देश और दुनिया में फैलाया। खेल लेखकों के संघ द्वारा खेलों और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन में किया जाने वाला यह कार्य अनुकरणीय है। उन्होंने संघ के संस्थापक अध्यक्ष स्व. झंवर लाल व्यास के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया और कहा कि युवाओं को रंगीला जैसे व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

विद्यालय के प्राचार्य घनश्याम व्यास ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चें को किसी ना किसी खेल से जोड़ें।

रंगीला फाउण्डेशन के संरक्षक दुर्गाशंकर आचार्य ने संस्था की गतिविधियों के बारे में बताया। पश्चिमी राजस्थान खेल लेखक संघ के अध्यक्ष मनोज व्यास ने स्वागत उद्बोधन दिया और वर्ष 1993 से अब तक प्रति वर्ष खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी।

वरिष्ठ खेल लेखक मनीष जोशी ने रंगीला के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। बाल कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष एड. जुगल किशोर व्यास ने ‘बीकानेर की खेल परम्परा’ विषय पर अपनी बात रखी। अंतर्राष्ट्रीय वेटलिफ्टर केशव बिस्सा ने कहा कि अपने लोगों के बीच मिला यह सम्मान उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा।

डाॅ. हरि शंकर आचार्य ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया। राजेन्द्र व्यास ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन मधु सूदन व्यास ने किया। इस दौरान डाॅ. विजय शंकर आचार्य, खुशाल नारायण व्यास सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव