अंतरराष्ट्रीय वन दिवस-विश्व जल दिवस पर साइकिलिंग रन : फिटनेस के साथ जल व पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 


बीकानेर, 22 मार्च (हि.स.)। भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत प्रत्येक रविवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली साइकिलिंग रन का आयोजन अंतरराष्ट्रीय वन दिवस एवं विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को उत्साहपूर्वक किया गया।

जिला साइक्लिंग संघ के सचिव सुरेन्द्र कुकणा ने बताया कि साइकिलिंग रन का शुभारंभ संभागीय मुख्य वन संरक्षक हनुमान राम द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर आईजीएनपी के चीफ इंजीनियर विवेक गोयल तथा जीएसटी विभाग की संयुक्त सचिव चित्रा सिंह, उप वन संरक्षक जी. वेंकटेश, उप वन संरक्षक (वन्यजीव) संदीप कुमार छलानी, उप वन संरक्षक लखन सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी चंद्रभान सिंह (जोड़बीड) एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी (वन्यजीव) वीरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

कुकणा ने बताया कि यह साइक्लिंग रन शहीद स्मारक पब्लिक पार्क से प्रारंभ होकर मरुधरा बॉटनिकल गार्डन, बीछवाल तक आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साइक्लिंग रन में प्रतिभागियों ने फिटनेस, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए “फिटनेस की डोज़, आधा घंटा रोज़” का संदेश प्रसारित किया।

साइकिलिंग रन में अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्ट दयालाराम, एनएलसी अधिकारी राजेश चौधरी, राम प्रसाद, श्रवण, ललित, जेठाराम गाट, बस्तीराम बिश्नोई, सुरेंद्र एवं अजय जावा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव