अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेला: विदेशी बालाओं ने लगाई छलांग, देसी खेलों में भारतीयों का दबदबा, ढोल की थाप पर ऊंटों ने लगाए ठुमके

 


लंगड़ी टांग में अर्जेंटीना की माया ने मारी बाजी, जर्मनी की लीजा और इजराइल की अल्मोग रहीं दूसरे तीसरे स्थान पर, फुटबॉल में विदेशियों ने भारत को 5-2 से हराया

अजमेर, 18 नवम्बर(हि.सं.)। अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले में अब रंग पूरी तरह जमने लगा है। रेतीले मैदान में कहीं ऊंटों का शाही श्रृंगार देखने को मिल रहा है तो कहीं ढोल की थाप पर रेगिस्तान का जहाज ठुमके लगाकर देशी-विदेशी पर्यटकों को झूमने पर मजबूर कर रहा है। ग्रामीण खेलों में विदेशी मेहमान भी पूरे उत्याह के साथ भाग ले रहे हैं। पारंपरिक खेलों और पशु प्रतियोगिताओं ने मेले की रौनक को कई गुना बढ़ा दिया है। पुराने मेला मैदान में आयोजित देसी-विदेशी महिला खिलाड़ियों की लंगड़ी टांग प्रतियोगिता में इसबार विदेशी प्रतिभागियों का दबदबा रहा। अर्जेटीना की माया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। जर्मनी की तीजा दूसरे और इजराइल की अल्मोग तीसरे स्थान पर रहीं। खास बात यह रही कि प्रतियोगिता के तीनों स्थान विदेशी महिलाओं के नाम रहे।

सतोलिया और गिल्ली-डंडा में देसी खिलाड़ियों की बादशाहत: विदेशी पर्यटकों ने भारतीय पारंपरिक खेलों सतोलिया और गिल्ली-डंडा में हाथ आजमाया, लेकिन यहां भारतीय खिलाड़ियों का अनुभव भारी पड़ा। सतोलिया मुकाबले में भारतीय टीम ने 2-1 से जीत की, जबकि गिल्ली-डंडा में भी स्थानीय खिलाड़ियों ने 50-23 से विदेशी टीम को पराजित किया। मुकाबले से पहले विदेशी खिलाड़ियों को खेलों के नियम समझाए गए और अभ्यास भी कराया गया। विदेशी मेहमानों ने हार के बावजूद खेलों का भरपूर आनंद लिया।

पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित ऊंटों श्रृंगार एवं गाेरबंध प्रतियोगिता में पशुपालकों ने अपने ऊंटों और ऊंटनियों को दूल्हा-दुल्हन की तरह सजाकर मैदान में उतारा। रंग-बिरंगे आभूषणों, आकर्षक सजावट और पारंपरिक श्रृंगार से सजे ऊंटों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। ऊंटों को मंच के सामने कैटवॉक कराकर उनकी सुंदरता का प्रदर्शन किया गया। विदेशी पर्यटक ऊंटों के इस शाही अंदाज को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। इसके बाद आयोजित ऊंटों की नृत्य प्रतियोगिता ने तो समां ही बांध दिया। ढोल की अलग-अलग धुनों पर अंटों ने अनोखे अंदाज में ठुमके लगाए। किसी ऊंट ने दोनों पैरों पर खड़े होकर करतब दिखाए तो किसी ने घुटनों के बल बैठकर नृत्य किया। ऊंटों के पालकों ने भी अपने पशुओं के साथ ताल मिलाकर दर्शकों का मनोरंजन किया।

मेले में नसीराबाद निवासी महिपाल चौधरी का मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा 'देव कोटा' भी अश्व प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। साढ़े चार साल के इस घोड़े की शानदार कद-काठी, चमकदार काला रंग और 65 इंच ऊंचाई लोगों को आकर्षित कर रहीं है। बताया जा रहा है कि इसके लिए 11 करोड़ रुपये तक का प्रस्ताव मिल चुका है, लेकिन मालिक ने इसे बेचने से इनकार कर दिया। महिपाल चौधरी इसे बेचने के बजाय ब्रीडिंग के जरिए कमाई कर रहे हैं। इसकी एक बार की ब्रीडिंग फीस एक लाख रुपये है।

मेले में शाम 6:30 बजे मेला मैदान में बैंड्स ऑफ पुष्कर' के तहत संगीतमय प्रस्तुतियां आयोजित की जा सही हैं। इसके बाद राजस्थानी संस्कृति पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम होंगे। पशुओं की आवक विदेशी पर्यटकों की भागीदारी, पारंपरिक खेलो और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ पुष्कर मेला अब पूरे शबाब पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष