अंतरराष्ट्रीय आयुर्वेद पंचकर्म उत्कृष्ट केंद्र का वर्चुअल लोकार्पण
जोधपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय परिसर स्थित अंतर्राष्ट्रीय आयुर्वेद पंचकर्म उत्कृष्ट केंद्र का वर्चुअल लोकार्पण किया।
इस अवसर पर जोधपुर में आयोजित समारोह में पूर्व सांसद राजेंद्र गहलोत, संभागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी, जिला कलेक्टर आलोक रंजन तथा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. वैद्य गोविंद सहाय शुक्ल सहित विभिन्न गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय परिसर में विकसित किया गया यह अंतर्राष्ट्रीय आयुर्वेद पंचकर्म उत्कृष्ट केंद्र लगभग 50 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। केंद्र को पंचकर्म चिकित्सा, आयुर्वेदिक वेलनेस, प्रशिक्षण एवं शोध के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त अंतरराष्ट्रीय स्तर के केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
केंद्र में 50 से अधिक विभिन्न रोगों के लिए पंचकर्म चिकित्सा एवं संबंधित उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। यहां मरीजों के लिए पंचकर्म की विभिन्न विधियों के साथ आवासीय सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। केंद्र में 50 हट तथा 51 आवासीय फ्लैट तैयार किए गए हैं, जिनमें से 9 हट विशेष रूप से पंचकर्म चिकित्सा के लिए विकसित किए गए हैं। केंद्र में मरीजों को उपचार के साथ-साथ आरामदायक आवास, वेलनेस तथा आयुर्वेद आधारित समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसकी संरचना में प्रशासनिक ब्लॉक, आवासीय सुविधाएं एवं थेरेपी सुविधाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश