युवा आपदा मित्र योजना के तहत 12 हजार 650 स्वयंसेवकों को मिलेगा प्रशिक्षण
जयपुर, 14 जून (हि.स.)। आपदाओं के समय त्वरित राहत, बचाव और जनसहायता को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की महत्वाकांक्षी ‘युवा आपदा मित्र योजना’ के तहत राजस्थान में बड़े स्तर पर प्रशिक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत राज्य के 13 आपदा प्रभावित जिलों के 12 हजार 650 युवा स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसी क्रम में राजस्थान के महानिदेशक पुलिस (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा 15 जून (सोमवार) को जयपुर स्थित एनसीसी कॉम्प्लेक्स जेएलएन मार्ग गांधी नगर का दौरा कर प्रशिक्षण शिविर का अवलोकन करेंगे तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन करेंगे।
इस योजना के तहत जयपुर, अजमेर, अलवर, जोधपुर, बाड़मेर, भरतपुर, जालौर, झालावाड़, कोटा, बीकानेर, नागौर, सिरोही और पाली सहित 13 जिलों में एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र संगठन तथा भारत स्काउट एवं गाइड से जुड़े स्वयंसेवकों को सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का संचालन राजस्थान राज्य आपदा प्रतिसाद बल (एसडीआरएफ) एवं आपदा मित्र मास्टर प्रशिक्षकों द्वारा किया जा रहा है। जयपुर में यह प्रशिक्षण शिविर 18 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
इस योजना का उद्देश्य ऐसे प्रशिक्षित सामुदायिक स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार करना है, जो किसी भी प्राकृतिक अथवा मानवजनित आपदा की स्थिति में प्रशासन और राहत एजेंसियों के साथ मिलकर सबसे पहले प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंच सकें तथा राहत एवं बचाव कार्यों में प्रभावी सहयोग प्रदान कर सकें।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खोज एवं बचाव (सर्च एंड रेस्क्यू), प्राथमिक उपचार, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, सामुदायिक समन्वय, रोप रेस्क्यू और आपातकालीन प्रतिक्रिया जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डीजीपी राजीव कुमार शर्मा सुबह 10 बजे एनसीसी कैंपस पहुंचेंगे। स्वागत कार्यक्रम के बाद राजस्थान सशस्त्र बल एवं एसडीआरएफ के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस रुपिंदर सिंह स्वागत उद्बोधन देंगे। इसके पश्चात प्रशिक्षुओं द्वारा रोप रेस्क्यू डेमो एवं अन्य आपदा प्रबंधन संबंधी प्रदर्शनों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में एनसीसी के उप महानिदेशक द्वारा आपदाओं में एनसीसी की भूमिका पर प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं डीजीपी राजीव कुमार शर्मा प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए आपदा प्रबंधन में युवाओं की भूमिका, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे।
राजस्थान पुलिस और एसडीआरएफ का मानना है कि प्रशिक्षित युवाओं की यह बड़ी टीम भविष्य में राज्य के लिए एक सशक्त आपदा प्रतिक्रिया तंत्र साबित होगी। आपदा की स्थिति में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्रशिक्षित स्वयंसेवक राहत एवं बचाव कार्यों को गति देने के साथ-साथ जनहानि और नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश