झुंझुनू में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
झुंझुनू, 20 सितंबर (हि.स.)। झुंझुनू शहर के गुढ़ा फाटक के पास रविवार सुबह एक हादसे में 24 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक लोहारू से जयपुर जाने वाली ट्रेन की चपेट में आया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मृतक की पहचान विकास उर्फ आशीष (24) पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी पशु अस्पताल के पीछे रोड नंबर-3 वार्ड 27, झुंझुनू के रूप में की है। वह शहर में एक चश्मे की दुकान पर काम करता था। परिजनों के अनुसार सुबह घर से दुकान पर जाने के लिए निकला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक रेलवे ट्रैक पर पैदल चल रहा था और उसके कानों में ईयरफोन लगे हुए थे। इसी दौरान लोहारू से जयपुर जाने वाली ट्रेन वहां पहुंची। लोको पायलट ने हॉर्न भी दिया था। लेकिन ईयरफोन लगे होने के कारण युवक ने हॉर्न की आवाज नहीं सुनी। ट्रेन अचानक पास आने पर युवक संभल पाता, इससे पहले ही वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को मौके से युवक के ईयरफोन बड्स, एटीएम कार्ड और कुछ नकदी मिली है।
परिजनों के अनुसार विकास अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। वह परिवार की जिम्मेदारियों में भी सहयोग करता था और चश्मे की दुकान पर काम करके अपना रोजगार चला रहा था। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश