मुख्यमंत्री दौरे से पहले कांग्रेस, माकपा और आरएलपी के युवा नेता गिरफ्तार

 


बीकानेर, 14 अगस्त (हि.स.)। बीकानेर में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पहुंचने से पहले पुलिस ने श्रीडूंगरगढ़ के चार युवा नेताओं को नजरबंद कर दिया है। इसमें कांग्रेस नेता हरीराम बाना, आरएलपी नेता डॉ. विवेक माचरा और माकपा नेता मुकेश ज्याणी शामिल हैं। वहीं यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष संतोष गोदारा को भी पुलिस साथ ले गई। श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेंटर की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच इन नेताओं को डिटेन किया गया है, ताकि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में कोई हंगामा नहीं हो।

कांग्रेस के युवा नेता और पीसीसी सदस्य हरिराम बाना के आह्वान पर यूथ कांग्रेस कार्यालय पहुंच रहे युवाओं को पुलिस लगातार अपनी गाड़ियों में बैठाकर ले जा रही है।

यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष संतोष गोदारा सहित कई युवाओं को पुलिस ने डिटेन किया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। पुलिस की ओर से डिटेन किए गए कार्यकर्ताओं को फिलहाल कहां रखा गया है,। इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

माकपा के युवा नेता मुकेश ज्याणी को भी पुलिस ने डिटेन किया है। ज्याणी को डिटेन किए जाने की कार्रवाई का माकपा कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिस की ओर से नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले एहतियात के तौर पर डिटेन किया जा रहा है।

आरएलपी के विधानसभा प्रत्याशी रहे विवेक माचरा भी पुलिस कार्रवाई की जद में आए। माचरा लिखमीसर उतरादा में रक्तदान शिविर में पहुंचे थे। यहां अग्निवीर राकेश जाखड़ की स्मृति में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। रक्तदान शिविर में मौजूद माचरा को पुलिस वहां से अपने साथ ले गई।

राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार बीकानेर में आयोजित हो रहा है। समारोह में वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए श्रीडूंगरगढ़ सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

पुलिस की ओर से एहतियातन राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को डिटेन करने की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव