पचास फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, ब्लेड से खुद को किया घायल

 


बाड़मेर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक करीब 50 फीट ऊंची जलदाय विभाग की पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक के हाथ में ब्लेड था और उसने टंकी पर बैठकर अपने हाथ व गले पर वार कर खुद को घायल कर लिया। खून से लथपथ युवक करीब एक घंटे तक टंकी पर बैठा रहा। नीचे लोगों की भीड़ जुटने के बावजूद वह किसी के सवाल का जवाब नहीं दे रहा था।

घटना बाड़मेर शहर के गेहू रोड स्थित रेलवे कुआं नंबर-3 स्कूल के पास गुरुवार को हुई। टंकी पर चढ़े युवक की पहचान जसराज जांगिड़ के रूप में हुई है। बताया गया कि युवक अर्द्धनग्न अवस्था में टंकी पर चढ़ा था। उसके हाथ में ब्लेड और सिगरेट थी। टंकी पर पहुंचने के बाद उसने अपने हाथ और गले पर ब्लेड से वार कर लिए, जिससे वह लहूलुहान हो गया।

राहगीरों की नजर जब टंकी पर बैठे युवक पर पड़ी तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। नीचे खड़े लोगों ने उससे टंकी पर चढ़ने का कारण पूछा, लेकिन युवक ने कोई जवाब नहीं दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस के साथ जलदाय विभाग के कर्मचारी और होमगार्ड जवान भी मौके पर पहुंचे।

स्थिति संवेदनशील होने के कारण पुलिस और नीचे मौजूद लोगों ने युवक को बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान जलदाय विभाग के हेल्पर पीरदान सिंह और होमगार्ड जवान खीराराम भील ने उसे सुरक्षित नीचे उतारने की योजना बनाई। दोनों ने सावधानीपूर्वक टंकी पर चढ़कर युवक के करीब पहुंचने की कोशिश की। मौका मिलते ही दोनों ने पीछे से उसे पकड़ लिया। युवक ने इस दौरान भी ब्लेड से खुद को घायल करने की कोशिश की और दोनों को भी वार करने का प्रयास किया। इसके बावजूद हेल्पर और होमगार्ड ने उसके हाथ-पैर पकड़कर उसे काबू में किया और टंकी से नीचे उतार लिया।

नीचे लाने के बाद पुलिस ने युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।

होमगार्ड जवान खीराराम भील ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे टंकी के पास भीड़ देखकर उन्होंने मामले की जानकारी ली। युवक के टंकी पर चढ़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस को बताया और जलदाय विभाग के हेल्पर पीरदान सिंह के साथ ऊपर पहुंचकर उसे पीछे से पकड़कर नीचे उतारा।

जलदाय विभाग के हेल्पर पीरदान सिंह के अनुसार, जेईएन से सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे थे।

युवक के हाथ में ब्लेड थी, इसलिए दोनों ने सावधानी से उसे काबू में किया और नीचे उतारकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस युवक को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई। घटना को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित