अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अलवर में होगा सामूहिक योगाभ्यास, प्रभारी मंत्री किरोड़ी लाल मीणा होंगे मुख्य अतिथि
अलवर, 19 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को अलवर सहित पूरे राजस्थान में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय और ग्राम पंचायत स्तर तक सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अलवर जिले का मुख्य समारोह इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर आमजन के साथ योगाभ्यास करेंगे।
जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
प्रमुख शासन सचिव नवीन जैन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत राज्यभर में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रभारी मंत्रियों तथा विभिन्न बोर्ड एवं आयोगों के अध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई है। सभी प्रभारी जनप्रतिनिधि 20 जून को अपने-अपने जिलों में पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
राज्य स्तरीय कार्यक्रमों के तहत उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी अजमेर तथा उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवाभीलवाड़ा में आयोजित योग दिवस समारोह में भाग लेंगे। इसके अलावा विभिन्न जिलों में मंत्री और राज्यमंत्री योग के महत्व का संदेश देते हुए आमजन के साथ सामूहिक योगाभ्यास करेंगे।
अलवर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों के निर्देशन में योगाभ्यास कराया जाएगा। साथ ही लोगों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने, मानसिक संतुलन बनाए रखने और शारीरिक फिटनेस बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, युवाओं तथा विभिन्न संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। योग दिवस के माध्यम से स्वास्थ्य, फिटनेस, मानसिक शांति और संतुलित जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार