योग से दिया जा रहा स्वस्थ जीवन का संदेश
जोधपुर, 18 जून (हि.स.)। शहर में 21 जून को मनाए जाने वाले योग दिवस को लेकर कई स्थानों पर योगाभ्यास किया जा रहा है। यहां पर योग से स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया जा रहा है।
विवेकानन्द केन्द्र कन्याकुमारी शाखा जोधपुर, श्री विश्वकर्मा जांगिड़ पंचायत भवन एवं श्री विश्वकर्मा पब्लिक स्कूल शास्त्री नगर के संयुक्त तत्वावधान में आज से तीन दिवसीय नि:शुल्क योग सत्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आरंभ 3 ओंकार प्रार्थना एवं डीपी शर्मा, ज्योतिस्वरूप एवं नगर प्रमुख योगाचार्य प्रेम रतन सोतवाल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम प्रमुख श्याम मालवीय ने बताया कि योग सत्र के दौरान योग प्रशिक्षक पंकज व्यास द्वारा प्रतिभागियों को शिथिलीकरण व्यायाम, प्राणायाम एवं विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया गया। कार्यक्रम में संस्थान के उपाध्यक्ष ज्योतिस्वरूप ने बताया कि आगामी 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मेडिकल हेल्थ एवं आई चेकअप कैम्प का आयोजन भी किया जाएगा।
इसी तरह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में क्रीड़ा भारती जोधपुर एवं एनआईएफडी के संयुक्त तत्वावधान में नवचौकिया स्थित रानी महल में योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाते हुए नियमित योग के महत्व से अवगत कराया।
वहीं आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शहर के युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के लिए मंत्रायणा स्टूडियो ने एक बेहद अनूठा कदम उठाया है। स्टूडियो ने साबित कर दिया है कि योग और फिटनेस कोई बोरिंग या थकाऊ काम नहीं, बल्कि इसे बेहद मजेदार और मॉडर्न लाइफस्टाइल का हिस्सा बनाया जा सकता है। इसकी शुरुआत प्रीति के जन्मदिन के अवसर पर हुई। प्रीति ने मंत्रायणा स्टूडियो के फाउंडर्स नीति मनिहार और दीप चौहान के मार्गदर्शन में जन्मदिन को योग थीम पार्टी के रूप में मनाया।
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन एवं आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुर्वेद विभाग जोधपुर के तत्वावधान में 19 जून को सुबह 8 बजे योग जागरूकता रैली का आयोजन किया जाएगा। आयुर्वेद विभाग जोधपुर के उपनिदेशक ने बताया कि रैली सम्राट अशोक उद्यान से प्रारम्भ होकर खेमे का कुआं तक निकाली जाएगी। रैली को सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रैली के माध्यम से नियमित योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश