राजस्थान में 15 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, 23 अगस्त से मानसून होगा कमजोर
जयपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में शुक्रवार (21 अगस्त 2026) को मौसम विभाग ने प्रदेश के 15 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 22 अगस्त को 13 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 23 अगस्त से चार-पांच दिन तक राज्य में मानसून के कमजोर रहने की संभावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को धौलपुर में सबसे ज्यादा 29 मिमी (लगभग 1.14 इंच) बारिश हुई। राजधानी जयपुर में जेएलएन मार्ग पर सबसे ज्यादा 17 मिमी पानी बरसा। कोटा, झालावाड़, भरतपुर और दौसा के इलाकों में भी हल्की बारिश (10 मिमी से कम) हुई। पिछले 24 घंटों में धौलपुर के बसाईनवांब में 19 मिमी, अलवर के टहला में 16 मिमी, बारां के शाहबाद में 17 मिमी, बारां शहर में 16 मिमी और टोंक में 11 मिमी बारिश हुई।
प्रदेश में पिछले दिनों ज्यादातर इलाकों में बारिश नहीं होने से पारा चढ़ने लगा है। श्रीगंगानगर 40.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ गुरुवार को प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा।
मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, वर्तमान में पूर्वी भारत के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर सिस्टम कमजोर होकर लो प्रेशर में तब्दील हो चुका है। मानसून ट्रफ लाइन अभी अमृतसर, निजामाबाद, फतेहगढ़, हरदोई होकर इस लो-प्रेशर सिस्टम से गुजरते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।
उन्होंने बताया कि जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में अगले एक सप्ताह मौसम ड्राई रहेगा। हालांकि श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के क्षेत्रों में 21 से 23 अगस्त के बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के अधिकांश भागों में भी एक सप्ताह मानसून कमजोर रहने की प्रबल संभावना है। वहीं, भरतपुर, जयपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में 20 से 23 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित