जोधपुर में विश्व क्षय रोग दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम

 


जोधपुर, 24 मार्च (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के तत्वावधान में विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के तहत यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी, जोधपुर के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. गौरव नागर और शिविर प्रभारी प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमार कुमावत के निर्देशन में मंडोर गार्डन में जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें होम्योपैथी विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों की टीम ने भाग लिया। अभियान के दौरान डॉ. अंकिता आचार्य, डॉ. राकेश कुमार मीना सहित चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों ने करीब 130 लोगों को क्षय रोग के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि विश्व क्षय रोग दिवस प्रतिवर्ष 24 मार्च को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों में इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि क्षय रोग मुख्यतः फेफड़ों को प्रभावित करता है, हालांकि यह शरीर के अन्य अंगों में भी हो सकता है। जागरूकता की कमी और अनुचित उपचार को इसके प्रसार का प्रमुख कारण बताया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश