चेहरे का अचानक टेढ़ा होना स्ट्रोक का प्रमुख लक्षण: डॉ. रीनू

 


विश्व स्ट्रोक दिवस पर एमडीएम अस्पताल में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जोधपुर, 29 अक्टूबर। विश्व स्ट्रोक दिवस के अवसर पर डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज एवं मथुरादास माथुर अस्पताल के न्यूरोलॉजी विभाग द्वारा स्ट्रोक के लक्षणों, समय पर उपचार एवं बचाव के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. बीएस जोधा, अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित एवं न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. शुभकरण खीचड़ की उपस्थिति रही। एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रीनू चौधरी ने बताया कि चेहरे का अचानक टेढ़ा होना, हाथ-पैर में कमजोरी तथा बोलने में परेशानी स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण हैं। उन्होंने बताया कि स्ट्रोक का उपचार समय-संवेदी है, इसलिए लक्षण दिखाई देते ही मरीज को बिना देरी अस्पताल पहुंचाना आवश्यक है। एमडीएम अस्पताल में पात्र मरीजों के लिए थ्रोम्बोलाइसिस एवं डीएसए लैब के माध्यम से मैकेनिकल थ्रोम्बेक्टॉमी जैसी उन्नत उपचार सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने उपचार के बाद नियमित फॉलो-अप एवं चिकित्सकीय सलाह का पालन करने पर भी जोर दिया। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रदीप ललवानी ने उच्च रक्तचाप, मधुमेह, बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल एवं तंबाकू सेवन जैसे जोखिम कारकों पर नियंत्रण रखने की आवश्यकता बताई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश