विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर गुरुवार को उदयपुर में गूंजेगा 25 लाख मंत्र जाप
उदयपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर 9 अप्रैल को उदयपुर में विशाल धार्मिक आयोजन होने जा रहा है, जिसमें एक घंटे के भीतर 25 लाख नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और शहर के फतह स्कूल परिसर में 60 हजार स्क्वायर फीट क्षेत्र में भव्य पांडाल तैयार किया जा रहा है।
इस आयोजन को लेकर भट्टजी की बाड़ी स्थित जीतो हाउस में बैठक आयोजित की गई, जिसमें जीतो के चेयरमैन यशवंत आंचलिया की अध्यक्षता और सकल जैन समाज के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राजकुमार फत्तावत के आतिथ्य में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में विभिन्न समितियों के संयोजकों ने अपने-अपने कार्यों की समीक्षा करते हुए विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम संयोजक राजकुमार फत्तावत ने बताया कि 9 अप्रैल को सुबह 8:01 बजे से 9:01 बजे तक सामूहिक नवकार महामंत्र जाप का आयोजन होगा। मुख्य मंच से आराधक के रूप में दिलीप सुराणा, विजयलक्ष्मी गलूंडिया, पंकज भंडारी, निराली जैन, नीरज चपलोत, सोनिका जैन, राकेश चपलोत, सोनल सिंघवी, शुभ कोठारी और भाग्यश्री गन्ना बारी-बारी से मंत्र जाप कराएंगे।
फतह स्कूल मैदान में विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर पांडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। चेयरमैन यशवंत आंचलिया ने भूमि पूजन किया, जिसमें जीतो के पदाधिकारी और समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मुख्य सचिव अभिषेक संचेती ने बताया कि यह पांडाल करीब 60 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में बनाया जा रहा है, जहां लगभग 10 हजार से अधिक धर्मावलंबी सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप करेंगे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए जीतो लेडिज विंग की अध्यक्षा अंजलि सुराणा के नेतृत्व में महिला सदस्यों ने शहरभर में घर-घर जाकर पीले चावल और श्रीफल देकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मंत्र जाप के पश्चात वंडर सीमेंट के पाटनी परिवार की ओर से नवकारसी का आयोजन भी रखा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता