वर्ल्ड हार्ट डे पर एपेक्स में इंटर-स्कूल मेडी क्विज

 


जयपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। वर्ल्ड हार्ट डे के अवसर पर एपेक्स हॉस्पिटल, मालवीय नगर में मंगलवार को इंटर-स्कूल मेडी क्विज कॉम्पिटिशन आयोजित किया गया। ‘डोंट मिस द बीट’ थीम पर आयोजित प्रतियोगिता में 15 स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक टीम में 11वीं और 12वीं कक्षा के तीन-तीन विद्यार्थी शामिल रहे।

कार्डियक साइंस एंड इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी के डायरेक्टर डॉ. बी.एम. गोयल और कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रणीत मानेकर के मार्गदर्शन में हुई क्विज तीन राउंड में आयोजित की गई। पहले राउंड में रिटन नॉलेज टेस्ट, दूसरे में रैपिड फायर बजर राउंड और तीसरे में फाइनल राउंड के जरिए विद्यार्थियों के चिकित्सा एवं हृदय स्वास्थ्य संबंधी ज्ञान को परखा गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) का लाइव डेमो भी दिया गया। डॉ. गोयल ने बताया कि हार्ट अटैक या कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। समय पर सीपीआर देकर मरीज की जान बचाने की संभावना बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सीपीआर शुरू करने और चिकित्सा सहायता लेने की जानकारी दी।

प्रतियोगिता में विजेता टीम को 7 हजार रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त टीम को 5 हजार रुपए और तृतीय स्थान वाली टीम को 3 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। विजेताओं को ट्रॉफी भी प्रदान की गई। प्रतियोगिता में शामिल सभी स्कूलों को पार्टिसिपेशन ट्रॉफी और विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश