एम्स में विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह कल से
एंटीबायोटिक के दुरुपयोग के प्रति करेंगे जागरूक
जोधपुर, 17 नवम्बर (हि.स.)। एंटीबायोटिक दवाओं के बढ़ते दुरुपयोग और इनके प्रति सूक्ष्मजीवों में बढ़ते प्रतिरोध की गंभीर चुनौती को देखते हुए एम्स जोधपुर की ओर से 18 से 24 नवंबर तक विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा।
इस दौरान आमजन और स्वास्थ्यकर्मियों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एम्स के ओपीडी परिसर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को एंटीबायोटिक दवाओं के सही उपयोग का संदेश दिया जाएगा। वहीं, विभिन्न गहन चिकित्सा इकाइयों में स्वास्थ्यकर्मियों के लिए जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। इसके अलावा पोस्टर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के साथ नर्सिंग अधिकारियों के लिए विशेष व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग, बिना चिकित्सकीय सलाह के इनका सेवन नहीं करने, संक्रमण की रोकथाम तथा एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
एम्स जोधपुर प्रशासन ने आमजन और स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की है कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ही करें। बिना जरूरत और गलत तरीके से इन दवाओं का सेवन भविष्य में संक्रमण के उपचार को कठिन बना सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश