आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिये पूर्ण क्षमता के साथ कार्य हाे रहे : महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे

 


जयपुर, 20 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की 22वीं बैठक बुधवार को ‘‘मिलन‘‘ सामुदायिक भवन, जगतपुरा, जयपुर में आयोजित की गई। बैठक में महिमा कुमारी मेवाड़, सांसद, राजसमंद, मंजू शर्मा़, सांसद, जयपुर, राव राजेंद्र सिंह, सांसद, जयपुर ग्रामीण एवं विश्वनाथ मेघवाल, विधायक-खाजूवाला (बीकानेर) राजस्थान सरकार की प्रतिनिधि दीप्ति कछवाहा, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त, जयपुर सहित समिति के सदस्यो में उत्तर पश्चिम रेलवे के भौगोलिक क्षेत्र से संबन्धित संगठनों, चैम्बर ऑफ कॉमर्स, रेल यात्री संगठन, उपभोक्ता संरक्षण संगठन के प्रतिनिधिगण एवं नामित सदस्य सम्मिलित हुए।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार इस अवसर पर अमिताभ, अध्यक्ष-क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति एवं महाप्रबंधक-उत्तर पश्चिम रेलवे ने कहा कि उत्तर पश्चिम रेलवे पर आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिये पूर्ण क्षमता के साथ कार्य किये जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने रेलमार्ग के विद्युतीकरण, माल लदान, समय पालन, रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं, शिकायत निवारण, स्टेशनों के रि-डेवलेपमेंट कार्यों की प्रगति के बारे में भी बताया।

उत्तर पश्चिम रेलवे पर विगत समय में किये गये कार्य निष्पादन, यात्री सुविधाओं के कार्य, निर्माण परियोजनाएं तथा विगत उपलब्धियों पर श्री शशांक, सचिव- क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति व उपमहाप्रबंधक-सामान्य ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया।

बैठक में महिमा कुमारी मेवाड़, सांसद, राजसमंद ने यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार हेतु उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा किये जा रहे कार्यो की सराहना की तथा यात्रियों को और अधिक सुविधा प्रदान करने हेतु उदयपुर सिटी - जयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को दिल्ली तक संचालित करने हेतु सुझाव प्रदान किये।

मंजू शर्मा़, सांसद, जयपुर ने भी यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार हेतु जयपुर रेलवे स्टेशन एवं गांधीनगर जयपुर स्टेशनपर विकसित की जा रही विश्वस्तरीय सुविधाओं की सराहना करते हुए जयपुर के सभी रेलवे स्टेशनों पर एक-एक ‘‘सरस‘‘ बूथ की स्थापित करने हेतु सुझाव प्रदान किये।

बैठक में उपस्थित समिति के सदस्यों ने भी अपने क्षेत्र में यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुये नई रेल लाइन, वंदे भारत एवं अन्य नई ट्रेनों के संचालन, विस्तार व फेरों में बढ़ोतरी, रेलगाड़ियों के ठहराव, ट्रेनों की समय-सारणी में बदलाव एवं यात्री सुविधाओं में विस्तार, रेलवे स्टेशनों सफाई व्यवस्था, स्टेशनों का विकास, फुट ओवर ब्रिज की सुविधा, स्टेशनों पर लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा, वृद्ध एवं निशक्तजनों हेतु सुविधायें, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, प्रतीक्षारत यात्रियों हेतु सुविधाएं इत्यादि पर सुझाव प्रदान किये। समिति के सदस्यों ने बैठक के आयोजन और यात्री सुविधाओं के लिये की गई चर्चा के लिये रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।

बैठक में अशोक माहेश्वरी, अपर महाप्रबंधक, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबन्धक मदन राम देवड़ा, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक सीमा शर्मा , प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर बृजमोहन मीना, प्रमुख मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर अनुराग गोयल, प्रमुख मुख्य संरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा सहित अन्य विभागाध्यक्ष, उपमहाप्रबन्धक (सा.) शशांक एवं उप सचिव पी. के. मलिक सहित प्रधान कार्यालय के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव