महिला सुरक्षा संकल्प अभियान: आईजी केबी वंदना ने छात्राओं को बताए अधिकार और आत्मरक्षा के गुर

 


जयपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान पुलिस की ओर से संचालित 'महिला सुरक्षा संकल्प अभियान' के तहत जयपुर ग्रामीण जिले के चंदवाजी थाना क्षेत्र स्थित निम्स विश्वविद्यालय के सभागार में शुक्रवार को जिला स्तरीय संवाद एवं महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राजस्थान पुलिस की महानिरीक्षक (अपराध शाखा) आईपीएस के.बी. वंदना रहीं, जबकि कार्यक्रम का नेतृत्व जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक आईपीएस हनुमान प्रसाद ने किया।

इस कार्यक्रम में आईजी केबी वंदना और पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं छात्राओं को महिला अपराधों की रोकथाम, कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। उन्होंने 'ऑपरेशन गरिमा', पोक्सो अधिनियम, गुड टच-बैड टच सहित महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक किया।

इस दौरान महिलाओं को आपातकालीन सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (राजस्थान संपर्क), 1930 (साइबर हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में महिला आत्मरक्षा पुलिस मास्टर ट्रेनर्स ने छात्राओं और महिलाओं को विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ मुकाबला करने के लिए आत्मरक्षा के व्यावहारिक प्रशिक्षण दिए। साथ ही प्रतिभागियों के मोबाइल में 'राजकॉप सिटीजन ऐप' डाउनलोड करवाकर पुलिस सहायता प्रणाली के उपयोग की जानकारी दी गई।

समारोह में नुक्कड़ नाटक टीमों ने प्रभावी प्रस्तुतियां देकर सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़, स्टॉकिंग और अन्य महिला अपराधों की रोकथाम का संदेश दिया। नाटकों के माध्यम से महिलाओं को किसी भी अप्रिय स्थिति में बिना डरे तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस कार्यक्रम का आयोजन चंदवाजी थानाधिकारी राजबीर सिंह और उनकी टीम द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध शाखा) शीला फोगावट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (महिला अपराध अनुसंधान सैल) बृजमोहन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शाहपुरा) रणवीर सिंह और वृत्ताधिकारी (जमवारामगढ़) रामकिशन विश्नोई सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में महिला वॉलिंटियर्स, सुरक्षा सखी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सीएलजी सदस्य, कालिका यूनिट के सदस्य और निम्स विश्वविद्यालय की छात्राओं ने भाग लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 'महिला सुरक्षा संकल्प अभियान' का उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत करना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना तथा पुलिस एवं समाज के बीच सहयोग और विश्वास को सुदृढ़ करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश