महिला आरक्षण की आड़ में राजनीतिक परिसीमन की साजिश — पंखुरी पाठक
उदयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता पंखुरी पाठक ने भारतीय जनता पार्टी पर महिला आरक्षण के मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि महिला आरक्षण जैसे गंभीर विषय की आड़ में देश के राजनीतिक ढांचे और परिसीमन को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, जिसका विपक्ष ने संसद में विरोध किया।
उदयपुर की आरटीडीसी कजरी होटल में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पाठक ने कहा कि देश में महिला आरक्षण को लेकर एक नई बहस खड़ी की गई है, जिसे उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का राजनीतिक षड्यंत्र बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा स्वयं को महिलाओं का सबसे बड़ा हितैषी बताने का प्रयास कर रही है और यह प्रचारित किया जा रहा है कि महिला आरक्षण के रास्ते में विपक्ष बाधा बन रहा है, जबकि वास्तविकता इससे अलग है। एक महिला होने के नाते पंखुरी पाठक ने कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भाजपा तुच्छ राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में दो राज्यों में विधानसभा चुनाव के दौरान संसद का विशेष सत्र बुलाया गया, जबकि सांसदों को पहले से यह जानकारी तक नहीं थी कि चर्चा किस विषय पर होगी। मीडिया के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं के हित में बड़ा निर्णय लिया जाएगा और प्रधानमंत्री बड़ी घोषणा करने वाले हैं।
पाठक ने आरोप लगाया कि जिस विधेयक पर चर्चा होनी थी उसका मसौदा पहले से सांसदों को उपलब्ध नहीं कराया गया और विपक्ष की ऑल पार्टी मीटिंग बुलाने की मांग भी ठुकरा दी गई। उनके अनुसार जब विधेयक का ड्राफ्ट सामने आया तो स्पष्ट हुआ कि महिला आरक्षण की आड़ में राजनीतिक परिसीमन की योजना बनाई जा रही है, जिससे संघीय ढांचे और राज्यों की स्वायत्तता पर असर पड़ सकता था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष की एकजुटता के कारण परिसीमन से संबंधित प्रस्ताव पारित नहीं हो सका। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए महिला आरक्षण के नाम पर भ्रम फैलाया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में पूर्व सांसद रघुवीर मीणा, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, प्रदेश प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। इससे पूर्व पंखुरी पाठक के उदयपुर आगमन पर महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने मेवाड़ी पगड़ी और तिरंगा उपरणा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता