जयपुर की सड़कों पर साड़ी में महिलाओं ने लगाई दौड़
जयपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। परंपरा, फिटनेस और महिला सशक्तिकरण के अनूठे संगम ‘मरुधरा रन इन साड़ी–सीजन 2’ का आयोजन शहर में उत्साहपूर्वक किया गया। रविवार की सुबह 5 बजे शुरू हुए इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने साड़ी पहनकर भाग लिया और आत्मविश्वास, ऊर्जा तथा सांस्कृतिक गौरव का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
रन का फ्लैग ऑफ रिद्धि सिद्धि मंडल की अध्यक्ष एवं भाजपा नेता दीपा नाथावत ने किया। इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष सुनील गौड़, महामंत्री महेंद्र बागड़ी, मंत्री पुष्पेंद्र राजावत, रूवि डिजिटल के डायरेक्टर आलोक शर्मा, मिस राजस्थान 2025 विजेता ट्विंकल पुरोहित तथा मिस सेलेस्ट 2025 विजेता अदिति शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
आयोजन में 3 किलोमीटर फन रन और 5 किलोमीटर रन की श्रेणियां रखी गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। साड़ी जैसे पारंपरिक परिधान में दौड़ते हुए महिलाओं ने यह संदेश दिया कि परंपरा और फिटनेस एक साथ आगे बढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल रहा। हर आयु वर्ग की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर नारी शक्ति के आत्मविश्वास और सामर्थ्य का परिचय दिया।
अंत में प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और ज़ुम्बा डांस के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन समिति एवं कल्पतरु शिक्षा समिति के सदस्य पंकज जांगिड़ सहित सभी सदस्यों ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश