कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, दंपति व बालिका घायल
चित्तौड़गढ़, 30 जुलाई (हि.स.)। जिले के भादसोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम नपानिया ब्रिज के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दंपती और एक बालिका घायल हो गए।
भादसोड़ा थाना पुलिस के अनुसार गाडरियावास, नाथीखेड़ा निवासी मंजू बंजारा (40) पत्नी सूरजमल बंजारा गुरुवार को मंगलवाड़ के समीप आजमपुरा स्थित अपने रिश्तेदार बहादुर बंजारा के यहां गई थी। लौटते समय बहादुर बंजारा (50), इसकी पत्नी लच्छीबाई बंजारा, 13 वर्षीय राधा और मंजू एक ही बाइक से नाथीखेड़ा की ओर आ रहे थे। नपानिया ब्रिज से पहले उदयपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहे एक कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मंजू सड़क पर गिर कर कंटेनर की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बहादुर बंजारा, लच्छीबाई और राधा घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही भादसोड़ा थाना अधिकारी अक्षय कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। मंजू बंजारा के शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडफिया स्थित उप जिला चिकित्सालय भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल