चलती बाइक में चुन्नी फंसने से महिला की मौत

 


चित्तौड़गढ़, 17 जून (हि.स.)। उदयपुर-सिक्सलेन पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला की चुन्नी पहिए में फंसने से नीचे गिर कर मौत हो गई। मृतका के सिर में गंभीर चोट लगी थी। हादसे के बाद बाइक चालक भी जिला चिकित्सालय पहुंचा। पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है।

भदेसर थानाधिकारी विनोद मेनारिया ने बताया कि हाइवे पर होडा चौराहे के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। इस हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जिसकी पहचान प्रियंका पुत्री रामेश्वर लाल सेन निवासी पालेर के रूप में हुई है। प्रियंका अपने परिचित कालूलाल निवासी अम्बाबेरी के साथ बाइक पर सांवलियाजी की ओर जा रही थी। तभी होडा चौराहा से पहले सुखवाड़ा गांव के पास अचानक उसकी साड़ी का एक सिरा और चुन्नी बाइक के पिछले पहिए में फंस गई। संतुलन बिगड़ने से प्रियंका सड़क पर गिर पड़ी। हादसे में प्रियंका के सिर में गंभीर चोट आई और घुटने भी छिल गए। जिला चिकित्सालय में जांच की तो कंधे पर टंगे पर्स का निशान भी गले पर आ गया, जिससे आशंका है कि पर्स की पट्टी भी गर्दन में खिंच गई। इधर, राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायल अवस्था में प्रियंका को जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर भदेसर थाने से एएसआई तंवर सिंह जिला चिकित्सालय पहुंचे। मृतका के भाई प्रकाश पुत्र रामेश्वर लाल सेन निवासी पालेर ने पुलिस को रिपोर्ट दी। शव को मोर्चरी में रखवा कर परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई करवाई गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतका प्रियंका शादीशुदा थी, लेकिन तलाक के बाद अपने पीहर पालेर में ही रह रही थी। हादसे के बाद बाइक चालक कालूलाल भी जिला चिकित्सालय एंबुलेंस में पहुंचा। पुलिस कार्रवाई तक जिला चिकित्सालय में मौजूद रहा। इधर, सुखवाड़ा के पास होटल संचालक अकरम अली ने बताया कि होटल के निकट ही यह हादसा हुआ तो भीड़ देख कर स्टाफ भी मौके पर पहुंचा था। यहां महिला के सिर में चोट आई थी। राहगीर बता रहे थे कि महिला के पहने हुए कपड़े बाइक के पहिए में फंस गए, जिससे वह चलती बाइक से नीचे गिर गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल