पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, कई शहरों में बारिश, दिन के तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट

 


जयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार को अलवर और सीकर सहित प्रदेश के करीब चार शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। जयपुर समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं। इसके चलते कई शहरों में दिन के तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 16 नवंबर से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और अगले चार से पांच दिनों में न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री तक गिरावट होने की संभावना जताई है। इससे प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ेगा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 25 शहरों में रविवार को रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। भीलवाड़ा, डबोक, वनस्थली, सिरोही और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा। माउंट आबू में 12.1 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश की सबसे सर्द रात रही। वहीं, 22.9 डिग्री सेल्सियस के साथ बाड़मेर में रात का तापमान सर्वाधिक रहा। दिन के तापमान की बात करें तो चित्तौड़गढ़ में सर्वाधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अलवर और सीकर में रविवार सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर चला। जयपुर सहित कई जिलों में सुबह से बादल छाए रहे और हवाएं चलती रहीं। इससे दिन के तापमान में गिरावट आई। इससे पहले शनिवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई थी। बीकानेर जिले के डूंगरगढ़ में सर्वाधिक 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 16 नवंबर से आगामी चार-पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की प्रबल संभावना है। इससे रात के साथ दिन के तापमान में भी कमी आएगी और सर्दी का असर तेज होगा।

राजधानी जयपुर में रविवार को दिनभर छितराए बादल छाए रहे। इस दौरान मध्यम गति की हवाएं चलीं और बादलों के बीच से धूप की आंख-मिचौली जारी रही। बादल छाने और हवाएं चलने से दिन के तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश