पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में गिरावट, अब फिर बढ़ेगा पारा
जयपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई शहरों में आई आंधी-बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन के तापमान में करीब 2 डिग्री और रात के तापमान में 5 डिग्री तक की कमी आई, जिससे लोगों को अस्थायी राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि विक्षोभ का असर समाप्त होने के साथ ही एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी होगी।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 14 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। इनमें कोटा का दिन सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि जयपुर की रात 27.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रही। इसके अलावा वनस्थली, अलवर, पिलानी, चित्तौड़गढ़, डबोक, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, डूंगरपुर, फतेहपुर और करौली में भी दिन का तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा।
रविवार को प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किए गए। वहीं फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।
राजधानी जयपुर में दिनभर हल्के और छितराए बादल छाए रहे तथा हवाएं चलती रहीं, जिससे दिन के तापमान में मामूली गिरावट आई। जयपुर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के तापमान में 0.2 डिग्री की कमी आई, जबकि रात के तापमान में 2.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने आगामी 4-5 दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में ऊष्ण लहर (हीटवेव) चलने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश