पश्चिम मध्य रेलवे कोटा ने जून माह में 575 वैगनों का पीरियोडिक ओवरहॉलिंग किया
काेटा, 09 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के वैगन रिपेयर शॉप (डब्ल्यूआरएस), कोटा में वैगनों के अनुरक्षण एवं मरम्मत कार्य उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप निरंतर किए जा रहे हैं। मुख्य कारखाना प्रबंधक के मार्गदर्शन में जून 2026 के दौरान डब्ल्यूआरएस, कोटा द्वारा 575 वैगनों का पीरियोडिक ओवरहॉलिंग (पीओएच) सफलतापूर्वक किया गया। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही (अप्रैल से जून 2026) के दौरान डब्ल्यूआरएस, कोटा में कुल 1759 वैगनों का पीरियोडिक ओवरहॉलिंग किया गया है। यह उपलब्धि सुरक्षित, विश्वसनीय एवं निर्बाध मालगाड़ी संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में कारखाने की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है।
पीरियोडिक ओवरहॉलिंग के दौरान वैगनों की बॉडी एवं अंडरगियर की मरम्मत, ट्रॉली एवं बोगी के महत्वपूर्ण पुर्जों का अनुरक्षण, एयर ब्रेक सिस्टम, बफर तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच एवं मरम्मत के साथ-साथ पहियों (व्हील) एवं धुरी (एक्सल) का निरीक्षण एवं रखरखाव किया जाता है। इन कार्यों से वैगनों की परिचालन सुरक्षा, विश्वसनीयता एवं कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक / जन सम्पर्क अधिकारी साैरभ जैन के अनुसार पश्चिम मध्य रेलवे का डब्ल्यूआरएस, कोटा आधुनिक तकनीक, उन्नत मशीनों एवं बेहतर अनुरक्षण प्रणाली के माध्यम से वैगनों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए माल परिवहन को अधिक सुरक्षित, सुचारु एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव