पूर्व सैनिकों को दी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
जोधपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय जोधपुर की ओर से पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा उन्हें सैनिक कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ओसियां में पूर्व सैनिक आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल जयदेव सिंह राठौड़ के नेतृत्व में सूबेदार मेजर नरपत सिंह एवं जिला सैनिक कल्याण कार्यालय की टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में ओसियां एवं तिंवरी तहसीलों के बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने सहभागिता की तथा अपनी विभिन्न समस्याओं एवं प्रकरणों के संबंध में अधिकारियों से संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों को पेंशन संबंधी प्रकरणों, पेंशनरी लाभ, दस्तावेजों के सत्यापन एवं अद्यतन, ईसीएचएस, कैंटीन सुविधाओं तथा अन्य सैनिक कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान की गई।
पात्र पूर्व सैनिकों के प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई तथा संबंधित प्रक्रियाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करते हुए लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई से अवगत कराया गया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल जयदेव सिंह राठौड़ ने कहा कि पूर्व सैनिकों को उनके अधिकारों एवं कल्याणकारी सुविधाओं का लाभ उनके निकटतम स्थान पर उपलब्ध कराना जिला सैनिक कल्याण कार्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आउटरीच कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यालय एवं पूर्व सैनिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे उनकी समस्याओं को समझने तथा उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने में प्रभावी सहायता मिलती है।
कर्नल राठौड़ ने पूर्व सैनिकों से अपील की है कि वे पेंशन, कैंटीन, ईसीएचएस एवं अन्य सैनिक कल्याणकारी सुविधाओं से संबंधित किसी भी समस्या अथवा प्रकरण के समाधान के लिए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से संपर्क करें। उन्होंने बताया कि भविष्य में जोधपुर जिले की विभिन्न तहसीलों में भी इसी प्रकार के आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को उनके घर के निकट आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश