21 नवंबर से शादियों की धूम: सराफा बाजार में 2 हजार करोड़ के कारोबार की उम्मीद

 


जयपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के बाद अब वेडिंग सीजन के चलते बाजारों में रौनक बढ़ने वाली है। देवउठनी एकादशी यानी 21 नवंबर से प्रदेशभर में विवाह आयोजनों की शुरुआत होगी। इस अवसर पर राजस्थान में करीब 4 से 5 लाख शादियां होने का अनुमान है। इन आयोजनों से प्रदेश में 12 से 16 हजार करोड़ रुपए तक का कारोबार होने की संभावना है। अकेले जयपुर जिले में करीब 5 हजार शादियां होने का अनुमान है। इससे होटल, रिसॉर्ट, मैरिज गार्डन, कैटरिंग, सजावट, आभूषण, कपड़े और परिवहन सहित कई कारोबारों को गति मिलेगी।

ऑल इंडिया टेंट डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि जिंदल के अनुसार 21 नवंबर से शुरू होने वाला विवाह सीजन नवंबर से दिसंबर तक चलेगा। इन दो महीनों में राजस्थान में लगभग पांच लाख शादियां होने की संभावना है। देश में राजस्थान डेस्टिनेशन वेडिंग का प्रमुख केंद्र है। प्रदेश में सबसे अधिक शादियां जयपुर में होती हैं। इसके बाद उदयपुर, कुंभलगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, पुष्कर और सवाई माधोपुर प्रमुख स्थान हैं। उन्होंने बताया कि राजस्थान में करीब 15 से 16 हजार मैरिज गार्डन और रिसॉर्ट हैं, जिनमें अग्रिम बुकिंग हो चुकी है।

जिंदल के अनुसार राजस्थान में डेस्टिनेशन वेडिंग की लोकप्रियता का प्रमुख कारण यहां की मेहमाननवाजी, पारंपरिक वेशभूषा, स्वादिष्ट भोजन और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा माहौल है। लोग अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए राजस्थान को पसंद करते हैं। उद्योगपतियों से लेकर फिल्म जगत की हस्तियों और राजनीतिक क्षेत्र के दिग्गजों तक में यहां विवाह आयोजन करने का आकर्षण है।

शादी समारोहों का कारोबार केवल मैरिज गार्डन और होटल तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे अनेक छोटे-बड़े व्यवसायों को भी काम मिलता है। एक शादी पर औसतन 20 से 25 लाख रुपए तक खर्च होने का अनुमान है। बड़े और भव्य आयोजनों में यह खर्च 50 लाख से एक करोड़ रुपए तक पहुंच जाता है। होटल और रिसॉर्ट में करीब 80 प्रतिशत तक अग्रिम बुकिंग हो चुकी है। शादियों के चलते सोने-चांदी के आभूषण, हीरे की ज्वेलरी, साड़ी, लहंगे, कपड़े, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान की खरीदारी बढ़ेगी। वहीं कैटरिंग, मिठाई, सूखे मेवे, टेंट, सजावट, फूल, बैंड-बाजे, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी से जुड़े कारोबारियों को भी फायदा मिलेगा।

जयपुर सराफा ट्रेडर्स कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मित्तल का कहना है कि इस बार सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। दीपावली के बाद अब विवाह सीजन से सराफा बाजार में भी रौनक बढ़ेगी। वेडिंग सीजन में सोने-चांदी की मांग में करीब 20 प्रतिशत तक इजाफा होने की संभावना है। इस बार सराफा बाजार में करीब 2 हजार करोड़ रुपए के कारोबार की उम्मीद है।

वेडिंग इवेंट कारोबार से जुड़े मनीष शर्मा के अनुसार देवउठनी एकादशी से विवाह आयोजनों के चलते शादियों से संबंधित कारोबार में तेजी आती है। विवाह समारोहों में बाहर से आने वाले मेहमानों के ठहरने, खानपान और आवागमन पर होने वाला खर्च होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और अन्य सेवाओं से जुड़े कारोबार को गति देगा। इससे कारीगरों, श्रमिकों और सेवा प्रदाताओं को भी बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश