सजी-धजी बैलगाड़ियों में निकली बिजनेसमैन के बेटे की बारात
पाली, 23 नवंबर (हि.स.)। आज के दौर में शाही शादियों में हेलीकॉप्टर और लग्जरी गाड़ियों का चलन बढ़ता जा रहा है, लेकिन पाली जिले के सुमेरपुर क्षेत्र के बांकली गांव में एक कारोबारी ने अपने बेटे की बारात को ऐसा पारंपरिक अंदाज दिया कि यह पूरे गांव के लिए यादगार बन गई। बेटे की बारात हेलीकॉप्टर या लग्जरी वाहनों के बजाय आठ सजी-धजी बैलगाड़ियों में निकली। वहीं दूल्हा विंटेज कार में सवार होकर दुल्हन को लेने पहुंचा।
बांकली गांव के गोवा में रेडीमेड गारमेंट का कारोबार करने वाले समाराम उर्फ चंदनलाल घांची के बेटे कुणाल उर्फ किशोर (27) की शादी थी। पिता की इच्छा थी कि बेटे की शादी कुछ अलग अंदाज में हो और ऐसी बारात निकले, जिसे गांव के लोग लंबे समय तक याद रखें। उनकी यह इच्छा बारात के रूप में साकार हुई तो देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी।
आठ बैलगाड़ियों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। जब बारात गांव की गलियों से होकर निकली तो करीब दो किलोमीटर तक सड़क के दोनों ओर ग्रामीणों और लोगों की भीड़ जमा हो गई। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक इस अनोखी बारात को देखने के लिए खड़े रहे।
लोगों ने अपने मोबाइल फोन से बारात के वीडियो बनाए और तस्वीरें खींचीं।
आमतौर पर आधुनिक शादियों में महंगी कारों और दूसरे वाहनों के बीच निकलने वाली बारात के बीच बैलगाड़ियों का यह काफिला गांव में खास आकर्षण बन गया। बारात का सबसे खास अंदाज यह रहा कि जहां बाराती सजी-धजी बैलगाड़ियों में रवाना हुए, वहीं दूल्हा कुणाल विंटेज कार में सवार हुआ। बारात सुबह करीब 11 बजे दुल्हन के घर पहुंची। यहां विवाह की रस्में पूरी की गईं और कुणाल व समीक्षा ने फेरे लिए। इसके बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को विंटेज कार में बिठाकर घर लेकर पहुंचा।
दुल्हन समीक्षा बीएससी तक शिक्षित हैं, जबकि कुणाल अपने पिता के रेडीमेड गारमेंट के कारोबार में हाथ बंटाते हैं।
गांव के समाराम घांची ने बताया कि उन्होंने नाना-बेड़ा के पास स्थित लालपुरा से आठ बैलगाड़ियां मंगवाई थीं। प्रत्येक बैलगाड़ी के लिए 10 हजार रुपये किराया दिया गया। वहीं दूल्हे के लिए विंटेज कार शिवगंज से मंगवाई गई थी।
समाराम के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। बेटे की शादी को यादगार बनाने के लिए अपनाया गया यह पारंपरिक अंदाज अब बांकली गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित