नया पश्चिम विक्षोभ एक्टिव, 26 से बदलेगा मौसम

 


जयपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश में नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से आगामी तीन दिन 20 शहरों में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया। प्रदेश के पांच शहरों का पारा 40 डिग्री के पार रहा। 42.6 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 31 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। शुक्रवार को प्रदेश के शहरों के तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर के अलावा जैसलमेर का 42.4, फलौदी का 42.2, जोधपुर का 41.4 और बीकानेर का 40.3 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों के पारे में गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के शहरों के तापमान में 2 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत में बना डीप डिप्रेशन कमजोर होकर वर्तमान में उड़ीसा, छत्तीसगढ़ के आसपास अवस्थित है। इसके आगामी 24 घंटों में और कमजोर होकर वेल मार्क लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में 26-28 सितंबर को कहीं-कहीं हल्की मध्मम बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी 2-3 दिन मौसम शुष्क रह सकता है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27-28 सितंबर को गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू व आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

जयपुर के दिन के पारे में शुक्रवार को 3 और रात के पारे में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर के आस-पास के ग्रामीण इलाकों में सुबह हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है वहीं ओंस भी गिरने लगी है। जयपुर का अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया। 27 सितम्बर को जयपुर के कुछ हिस्सों में पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश