राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, 16 जिलों में आज बारिश का अलर्ट
जयपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में सितंबर के अंतिम दिनों में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को कोटा जिले के मंडाना और जैसलमेर के मोहनगढ़ सहित कई इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 16 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
शनिवार को नागौर, टोंक, डूंगरपुर, सिरोही, झुंझुनूं और जालोर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। वहीं सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, बारां, झालावाड़ और कोटा में दोपहर बाद बादलों की आवाजाही रही। जैसलमेर जिले के मोहनगढ़, हमीरनाडा सहित आसपास के क्षेत्रों में रात के समय ओलावृष्टि होने से मौसम में अचानक बदलाव महसूस किया गया।
बारिश और बादलों के असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट आ गई। पश्चिमी राजस्थान के ऊपर सक्रिय हुए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा का रुख बदला और कई शहरों में अधिकतम तापमान पांच डिग्री तक नीचे आ गया। सिरोही में तापमान में सबसे अधिक गिरावट हुई, जहां अधिकतम तापमान करीब 10 डिग्री तक नीचे आ गया।
हालांकि शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस जैसलमेर में मापा गया।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार झुंझुनूं में 6 मिलीमीटर, प्रतापगढ़ के सुहागपुरा में 5 मिलीमीटर, हनुमानगढ़ के संगरिया में 1.5 मिलीमीटर तथा नागौर के मूंडवा में 1 मिलीमीटर बारिश हुई। जालोर, डूंगरपुर और माउंट आबू में भी 0.5-0.5 मिलीमीटर बारिश मापी गई।
मौसम के इस बदलाव से पिछले दिनों की तेज गर्मी से लोगों को राहत मिली है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान में अभी भी तापमान अपेक्षाकृत अधिक बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित