अजमेर-जयपुर में झमाझम से बदला मौसम, कहीं सड़कें बनीं दरिया तो कहीं सात डिग्री तक लुढ़का पारा

 




जयपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में मानसून जाते-जाते एक बार फिर रंग दिखा रहा है। गुरुवार को कई जिलों में झमाझम बारिश के बाद शुक्रवार को भी मौसम विभाग ने प्रदेश के 28 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अजमेर, जयपुर, सवाई माधोपुर, करौली और नागौर समेत कई इलाकों में बादलों ने जमकर पानी बरसाया।

कहीं करीब चार इंच तक बारिश हुई तो कहीं सड़कें पानी से लबालब हो गईं। बारिश के साथ चली ठंडी हवा ने गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को बड़ी राहत दी।

गुरुवार की बारिश ने कई शहरों की तस्वीर ही बदल दी। जयपुर के पुराने इलाकों में सड़कें जलमग्न नजर आईं तो सीकर के नवलगढ़ रोड पर भी पानी भर गया। दिनभर बादलों की आवाजाही और बारिश के दौर के बीच मौसम सुहाना हो गया। लंबे समय से गर्मी झेल रहे लोगों को अचानक बदले मौसम ने राहत की सांस लेने का मौका दिया।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में जयपुर, भरतपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के अलावा कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश मापी गई। सवाई माधोपुर, करौली, नागौर, अजमेर और जयपुर में करीब चार इंच तक बारिश हुई। भीलवाड़ा, बूंदी, टोंक, झुंझुनूं और बीकानेर में भी करीब दो इंच तक पानी बरसा।

तेज बारिश और हवाओं का सीधा असर तापमान पर पड़ा। प्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान दो से सात डिग्री तक नीचे आ गया। पिलानी, श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर, नागौर, फतेहपुर, झुंझुनूं और अजमेर में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट हुई।

बारिश के बाद मौसम ने ऐसा करवट बदला कि गर्मी के तेवर अचानक नरम पड़ गए।

प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में बारिश से राहत जरूर मिली है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान की तस्वीर अलग है। इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 25 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में बारिश की कमी के कारण सूखे जैसे हालात बने हुए हैं और यहां दिन का तापमान अब भी 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास मापा जा रहा है।

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि राजस्थान में बारिश का यह दौर ज्यादा लंबा नहीं चलेगा। 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके साथ ही राजस्थान से मानसून की विदाई का सिलसिला भी शुरू हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित