दाे सितंबर से बदलेगा मौसम, जयपुर-भरतपुर संभाग में शुरू होगा बारिश का नया दौर

 


जयपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी व आसपास के लगे पश्चिम बंगाल, उड़ीसा तट पर वेल मार्क लो प्रेशर एरिया अवस्थित है। भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में 2-3 सितंबर से बारिश का एक नया दौर शुरू होगा। 4 से 7 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर व उदयपुर संभाग में मेघगर्जन के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने तथा कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को डूंगरपुर में हल्की बारिश हुई। श्रीगंगानगर प्रदेश में सबसे गर्म रहा, यहां का अधिकतम तापमान 38.7 और न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले दो दिन से लगातार जयपुर के पारे में गिरावट आ रही है। जयपुर के अधिकतम तापमान में 0.6 और न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में सोमवार को हल्के बादल छाए रहे और धूप खिली।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी व आसपास के लगे पश्चिम बंगाल, उड़ीसा तट पर वेल मार्क लो प्रेशर एरिया अवस्थित है। भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में 2-3 सितंबर से बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। 4 से 7 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर व उदयपुर संभाग में मेघगर्जन के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने तथा कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कोटा संभाग व आसपास के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी दिनों में कमजोर मानसून परिस्थितियां जारी रह सकती है। हालांकि, 4 से 6 सितंबर के दौरान बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में छुटपुट स्थानों पर हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश