चार दिन शुष्क रहेगा मौसम, तापमान में आएगा उतार-चढ़ाव

 


जयपुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश में आगामी चार दिन मौसम शुष्क रहेगा। मौसम साफ रहने से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। 9 फरवरी को पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश के 15 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 5.9 डिग्री के साथ फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही।

मौसम विभाग के अनुसार फतेहपुर के अलावा सिरोही, करौली, माउंट आबू, दौसा, लूणकरणसर, झुंझुनूं , पाली, नागौर, चूरू, श्रीगंगानगर, पिलानी, सीकर, अलवर और वनस्थली का रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मौसम साफ रहने से आगामी दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा और तापमान सामान्य के आस-पास रहने की संभावना है। जयपुर में बुधवार को धूप खिली और हल्की हवाएं चली। जयपुर का अधिकतम तापमान 25.1 और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के आस-पास के ग्रामीण इलाकों में सुबह कोहरा छाया रहा। 29.6 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 16.6 डिग्री के साथ डूंगरपुर की रात सबसे गर्म रही। बुधवार को राजस्थान में कहीं-कहीं पर हल्के से मध्यम कोहरा भी दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश