पश्चिम विक्षोभ से बदला मौसम, कई स्थानों पर आंधी-बारिश और ओलावृष्टि

 


जयपुर, 11 जून (हि.स.)। प्रदेश में सक्रिय नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आया। अलवर, कोटपुतली-बहरोड़, श्रीगंगानगर और झुंझुनूं सहित कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विभाग ने आगामी 14 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है।

हालांकि मौसम में बदलाव के बावजूद गर्मी और उमस से आमजन को राहत नहीं मिली। गुरुवार को प्रदेश के 17 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि 16 शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा। जैसलमेर 46 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा, जबकि संगरिया में रात का तापमान 35.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार जैसलमेर, श्रीगंगानगर, चूरू और पिलानी में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। वहीं संगरिया, जालौर, फतेहपुर, लूणकरणसर, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर, फलौदी, जोधपुर, कोटा, सीकर, पिलानी, जयपुर और अलवर सहित कई शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के उत्तरी भागों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। गुरुवार दोपहर बाद बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और हल्की वर्षा दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि 12 और 13 जून को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। राज्य के कई भागों में 14 से 16 जून तक भी मौसम सक्रिय बना रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में आंधी और बारिश के प्रभाव से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच रहने तथा उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहने के आसार हैं।

राजधानी जयपुर में भी गुरुवार को दिनभर हल्के बादल छाए रहे। धूप का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहने से तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन उमस ने लोगों को परेशान किया। शहर में लोग दिनभर पसीने से तरबतर नजर आए और कूलर-पंखे भी पर्याप्त राहत नहीं दे सके। जयपुर का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच शहर में तेज हवाओं के कारण गणगौरी अस्पताल के बाहर एक कार पर पेड़ गिर गया। हालांकि हादसे में कार सवार लोग सुरक्षित बच गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश