जेडीए, निगम और आवासन मंडल में मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

 


जयपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण

, नगर निगम और आवासन मंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जेडीए प्रांगण में जेडीसी सिद्धार्थ महाजन, आवासन मंडल में आयुक् अरविन्द पोसवाल और निगम में आयुक्त ओम कसेरा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ।

इस अवसर पर समस्त अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। तीनाें आयुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनहित एवं जयपुर शहर के सुनियोजित विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

आवासन आयुक्त पोसवाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि यह दिवस हमें राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के संकल्प को दोहराने का अवसर देता है। उन्होंने कहा की देश की एकता और अखण्डता को मजबूत बनाए रखने और राष्ट्र की प्रगति में सतत योगदान देना हम सबका प्राथमिक दायित्व है। संविधान की मूल भावना के अनुरुप आचरण और व्यवहार करते हुए देश में शांति और भाईचारे की परम्पराओं को अक्षुण्ण रखना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है।

अंत में स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गई और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर गीतकारों ने भी अपनी प्रस्तुति दी जिसमें उन्होंने देशभक्ति की बयार बहाकर सबका मन मोह लिया।नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने मुख्यालय पर ध्वजारोहण के साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 से भी अधिक अधिकारियों - कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश