बीसलपुर से 17वीं बार नहरों में छोड़ा पानी, 35 दिन तक होगी सिंचाई
अजमेर, 26 नवम्बर(हि.सं.)। बीसलपुर बांध से किसानों के लिए नहरों में सिंचाई का पानी छोड़ दिया गया। बांध निर्माण के बाद यह 17वां अवसर है, जब नहरी तंत्र के माध्यम से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इस बार करीब 35 दिनों तक नहरों में जलप्रवाह जारी रहेगा। इसके लिए लगभग 2 टीएमसी पानी खर्च होने का अनुमान है। कम बारिश के कारण बांध में पूर्ण भराव से करीब डेढ़ मीटर कम पानी होने के बावजूद पेयजल और सिंचाई की जरूरतों के बीच संतुलन बनाकर यह निर्णय लिया गया है। दोनों मुख्य नहरों के हैड रेग्युलेटर पर मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर जलप्रवाह शुरू किया गया। सुबह 8 बजे बार्यों मुख्य नहर में 10 क्यूसेक और सुबह 9 बजे दायीं मुख्य नहर में 50 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बाद में जलप्रवाह बढ़ाकर दार्यों
इस बार नहरों में पानी का वितरण टेल टू हेड व्यवस्था के तहत किया जाएगा। पहले मुख्य नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाया जाएगा। इसके बाद टेल से हेड की ओर क्रमवार माइनर और वितरिकाओं में जलप्रवाह शुरू होगा। अगले दो दिनों में मुख्य नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे अंतिम छोर पर स्थित किसानों को भी सिंचाई के लिए समय पर पानी मिलने की उम्मीद है।
बीसलपुर बांध का नहरी तंत्र करीब 750 किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। इसके माध्यम से टोंक जिले की लगभग 81,800 हेक्टेयर यानी करीब ढाई लाख बीघा कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। रबी की फसलों के लिए पानी उपलब्ध होने से किसानों को राहत मिलेगी। परियोजना के अनुसार इससे जिले में करीब 100 करोड़ रुपए की अतिरिक्त कृषि पैदावार होने का अनुमान है।
बीसलपुर बांध से जयपुर, अजमेर और टोंक सहित विभिन्न क्षेत्रों के करीब एक करोड़ लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। तीनों जिलों में प्रतिदिन लगभग 1200 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती है। ऐसे में सिंचाई के लिए प्रस्तावित 2 टीएमसी पानी महत्वपूर्ण है। अनुमान के अनुसार इतनी मात्रा से करीब 40 दिनों तक पेयजल आपूर्ति की जा सकती है। हालांकि जल संसाधन विभाग के अभियंताओं का कहना है कि सिंचाई के लिए निर्धारित पानी देने के बाद भी अगले वर्ष जुलाई-अगस्त तक पेयजल आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी।
उल्लेखनीय है कि 25 नवंबर को बीसलपुर बांध का जलस्तर 313.27 आरएल मीटर दर्ज किया गया। बांध में 23.747 टीएमसी पानी संग्रहित है, जबकि इसकी कुल भराव क्षमता 38.703 टीएमसी है। कम बारिश के चलते इस बार बांध पूर्ण भराव से करीब डेढ़ मीटर खाली रह गया। पेयजल की जरूरत को प्राथमिकता देते हुए सिंचाई के लिए सीमित पानी देने का निर्णय किया गया। 18 नवंबर को हुई बीसलपुर परियोजना जल वितरण समिति की बैठक में 25 से 35 दिनों तक नहरों में पानी चलाने पर सहमति बनी थी।
आचार संहिता लागू होने के कारण नहरों में पानी छोड़ने के दौरान इस बार जनप्रतिनिधि मौजूद नहीं रहे। परियोजना अभियंताओं की मौजूदगी में जलप्रवाह शुरू किया गया। इस दौरान बीसलपुर परियोजना के अधीक्षण अभियंता मनीष बंसल और सहायक अभियंता दिनेश बैरवा उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष