राजस्थान में आज 10 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी

 




जयपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में मानसून की रफ्तार अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 10 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। शनिवार को भरतपुर, धौलपुर सहित कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई और कुछ स्थानों पर एक इंच तक पानी बरसा। भरतपुर के बंध बारेठा बांध से भी शनिवार रात से पानी की निकासी शुरू कर दी गई।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान भरतपुर, सवाई माधोपुर, धौलपुर, करौली और कोटा में करीब एक इंच तक बारिश हुई। इन जिलों में दिनभर रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा। वहीं टोंक, बूंदी, अलवर और चित्तौड़गढ़ के कई इलाकों में भी हल्की बारिश हुई।

इधर, पश्चिमी राजस्थान में बारिश का दौर थमने के बाद अब धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ने लगी है। शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान श्रीगंगानगर में मापा गया।

पश्चिमी जिलों में मौसम साफ रहने के कारण आने वाले दिनों में उमस और गर्मी में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ इस समय उत्तर भारत में फिरोजपुर, रोहतक और औरैया होते हुए सीधी से लो-प्रेशर सिस्टम के बीच से गुजर रही है और झारखंड होते हुए बंगाल की खाड़ी तक पहुंच रही है। इसके प्रभाव से राजस्थान में बारिश की गतिविधियां अब कमजोर होने की संभावना है।

17 और 18 अगस्त को प्रदेश में अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

हालांकि 19 अगस्त से एक बार फिर पूर्वी राजस्थान के जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है। ऐसे में अगले दो दिन बारिश से राहत के बाद पूर्वी राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है।

भरतपुर के बंध बारेठा बांध में पानी की आवक को देखते हुए शनिवार रात से पानी की निकासी शुरू की गई। इससे आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन की निगरानी बढ़ गई है। मानसून की कमजोर होती गतिविधियों के बीच बांधों और जलाशयों के जलस्तर पर भी नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित