जयपुर में वृक्ष मित्र सम्मान समारोह में  कार्यकर्ताओं को रवीना टंडन करेंगी सम्मानित

 


जयपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। श्री कल्पतरु संस्थान के 31वें वार्षिक उत्सव के तहत 6 मई को शहर के होटल क्लार्क्स आमेर में वृक्ष मित्र सम्मान समारोह 2026 आयोजित होगा। दोपहर 2 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री पद्मश्री रवीना टंडन सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगी।

समारोह में चयनित प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और नगद राशि प्रदान की जाएगी। संस्थान के अनुसार देशभर से करीब एक हजार पर्यावरण कार्यकर्ता इस आयोजन में भाग लेंगे।

ट्री मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध पर्यावरणविद् विष्णु लाम्बा ने मुंबई में रवीना टंडन को औपचारिक आमंत्रण दिया तथा उनके हाथों कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन करवाया। रवीना ने वीडियो संदेश जारी कर जयपुर आने की पुष्टि करते हुए संस्थान के कार्यों की सराहना की। संस्थान पिछले 31 वर्षों में एक करोड़ से अधिक पौधों का रोपण व संरक्षण कर चुका है। लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक 100 गांवों को पर्यावरणीय दृष्टि से आदर्श बनाया जाए। उल्लेखनीय है कि संस्थान बिना किसी सरकारी अनुदान के देश के 22 राज्यों और 13 देशों में सक्रिय है तथा 150 से अधिक पर्यावरणीय अभियानों का संचालन कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश