दिन चढ़ने के साथ धीरे—धीरे चढ़ता गया मतदान का उत्साह
उदयपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उदयपुर में त्रिस्तरीय पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है। दिन की शुरुआत में मतदान की गति काफी धीमी रही, लेकिन जैसे-जैसे दिन ढला और मौसम में ठंडक आई, वैसे-वैसे मतदाताओं का उत्साह बढ़ता चला गया। शाम 6 बजे तक जिले में कुल 63.81 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सुबह 10 बजे तक जिले में महज 10.95 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके बाद दोपहर 1 बजे यह आंकड़ा बढ़कर 30.89 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे तक 48.86 प्रतिशत पर पहुंच गया। दोपहर 3 बजे के बाद ग्रामीण इलाकों के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे अंतिम मतदान प्रतिशत 63.81 प्रतिशत तक जा पहुंचा।
क्षेत्रवार बात करें तो, नाई पंचायत समिति में सबसे अधिक 79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद झाड़ोल में 73.50 प्रतिशत और फलासिया में 71 प्रतिशत मतदान रहा। वहीं, भींडर पंचायत समिति में मतदान की रफ्तार सबसे सुस्त रही और वहां 59.93 प्रतिशत वोट पड़े। अन्य पंचायत समितियों की बात करें तो गिर्वा में 68.11%, ओगणा में 61.93%, घासा में 61.05%, वल्लभनगर में 60.91%, कुराबड़ में 57.14% और मावली में 55.32% मतदान दर्ज किया गया।
मतदान के दौरान लोगों में खासा उत्साह और लोकतंत्र के प्रति निष्ठा देखने को मिली। वल्लभनगर की गोटीपा पंचायत में डायलिसिस पर चल रही संतोष कुंवर ने स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद व्हीलचेयर पर केंद्र पहुंचकर अपना वोट डाला। इसके अलावा, जिला परिषद वार्ड 32 से कांग्रेस प्रत्याशी राज सिंह झाला और वार्ड 47 से भाजपा उम्मीदवार हिम्मत सिंह झाला ने भी अपने-अपने बूथों पर मतदान किया। चुनाव को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए संवेदनशील केंद्रों पर पुलिस और बीएसएफ के जवान तैनात रहे। प्रथम चरण के तहत 10 पंचायत समितियों के 160 वार्डों और जिला परिषद के 25 वार्डों के लिए मैदान में उतरे सभी 435 प्रत्याशियों का भाग्य अब ईवीएम में कैद हो गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता