निकाय चुनाव में मतदाताओं ने दिखाया दम: जयपुर जिले में 87.06% मतदान
जयपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत बुधवार को जयपुर जिले के 18 नगर निकायों में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुआ। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के साथ वरिष्ठ नागरिक भी बड़ी संख्या में मतदान केन्द्रों पर पहुंचे और लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाई।
जयपुर जिले में अंतिम रूप से 87.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। मतदान प्रतिशत लगातार बढ़ता रहा। सुबह 10 बजे तक 29.47 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 58.29 प्रतिशत, अपराह्न 3 बजे तक 72.66 प्रतिशत तथा मतदान समाप्ति तक 87.06 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संभाला मोर्चा
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने स्वयं विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शाहपुरा, चौमूं और खेजड़ोली नगर निकाय क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधाओं और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा निर्वाचन कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, बैठने सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पर्याप्त पुलिस एवं सुरक्षा बल तैनात रहे।
युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों में दिखा उत्साह
जयपुर जिले के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में बड़ी संख्या में युवा पहली बार मतदान करने पहुंचे। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं वरिष्ठ नागरिकों ने भी मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
मतदान केन्द्रों पर अलग-अलग आयु वर्ग के मतदाताओं की भागीदारी लोकतंत्र की मजबूत तस्वीर पेश करती नजर आई। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए कार्मिकों ने पूरी तत्परता से कार्य किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी मतदाताओं, निर्वाचन कार्मिकों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश