राजस्थान में दूसरे चरण में 70.01 प्रतिशत मतदान
जयपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में शहरी सरकार चुनने के लिए शुक्रवार को हुए दूसरे चरण के मतदान में मतदाताओं ने जमकर उत्साह दिखाया। कहीं सुबह से बूथों पर कतारें लगी रहीं, तो कहीं महिलाओं, बुजुर्गों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं ने लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाई। छिटपुट विवादों, फर्जी मतदान की शिकायतों और कुछ स्थानों पर तकनीकी अड़चनों के बीच प्रदेश के 147 नगरीय निकायों में मतदान संपन्न हुआ।
शाम छह बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल 70.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अब मतगणना के साथ शहरी सरकार की तस्वीर साफ होगी।
राज्य में दूसरे चरण के मतदान के लिए कुल 87,63,595 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 61,35,153 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत के आंकड़ों ने प्रदेश के अलग-अलग शहरों में मतदाताओं के उत्साह की अलग-अलग तस्वीर पेश की। छोटे नगरों में कई जगह मतदान 85 से 90 प्रतिशत के पार पहुंचा, जबकि बड़े नगर निगमों में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा।
प्रदेश के मतदान आंकड़ों में बालोतरा जिले की धोरीमन्ना नगर पालिका सबसे आगे रही। यहां 91.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हनुमानगढ़ की गोलूवाला नगर पालिका में 90.03 प्रतिशत, अलवर की बहरोड़? नहीं, बारोडामेव नगर पालिका में 89.79 प्रतिशत तथा कोटपूतली-बहरोड़ की कोटकासिम नगर पालिका में 89.56 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरी ओर कोटा नगर निगम में 57.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो उपलब्ध आंकड़ों में सबसे कम रहा। जयपुर नगर निगम में 62.88 प्रतिशत और अजमेर नगर निगम में 63.65 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला।
कई स्थानों पर पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों ने बुजुर्गों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग किया। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में भी खासा उत्साह नजर आया। महिलाओं की कतारों ने भी मतदान के प्रति जागरूकता की तस्वीर पेश की।
राजस्थान के 147 नगरीय निकायों में मतदान संपन्न होने के साथ ही प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। प्रदेश में कुल 70.01 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। अब सभी की निगाहें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। परिणाम सामने आने के बाद तय होगा कि प्रदेश के नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में शहरी सरकार की कमान किसके हाथों में जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित