मतदाता सूचियों में बदलाव को लेकर कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल : अजय शर्मा

 


बीकानेर, 05 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के राजस्थान पर्यवेक्षक अजय शर्मा ने मतदाता सूचियों में बदलाव को लेकर निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ा सवाल जनता के मताधिकार को सुरक्षित रखने का है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग की भूमिका के चलते मतदाता सूचियों में बदलाव हो रहे हैं, जिससे आम नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित होने की आशंका है।

शर्मा गुरुवार को रानी बाजार स्थित बीकानेर देहात कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक गांधी अंग्रेजों से लड़े थे, दूसरा गांधी चोरों से लड़ रहा है। इस टिप्पणी के साथ उन्होंने मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस के अभियान की आवश्यकता बताई। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता पर जनता का विश्वास कायम रहना जरूरी है।

शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से हटाए जाने की शिकायतें सामने आती हैं। वहीं, चुनाव संपन्न होने के बाद कुछ नामों को दोबारा जोड़ने संबंधी आदेश जारी होने की बातें भी सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों और प्रक्रियाओं की पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि मतदाताओं के अधिकारों को लेकर किसी तरह का संशय न रहे।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सर्वोपरि है। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना जरूरी है, जिससे मतदाता सूची की विश्वसनीयता बनी रहे और आमजन का निर्वाचन व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे।

प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, एआईसीसी प्रोफेशनल कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर रोहित जून, पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविन्दराम मेघवाल, महापौर अनिल कल्ला, लूणकरनसर के पूर्व प्रत्याशी डॉ. राजेन्द्र मूण्ड, पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत और प्रदेश महासचिव जियाउर रहमान सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव