नगर निकाय चुनाव में मतदाताओं का जोश हाई, दोपहर एक बजे तक वल्लभनगर में 63.22 और फतहनगर-सनवाड़ में 58.47 फीसदी मतदान

 


उदयपुर, 9 सितंबर (हि. स.)।

उदयपुर जिले की वल्लभनगर, भींडर और फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिकाओं में नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं। दोपहर एक बजे तक वल्लभनगर में 63.22 फीसदी और फतहनगर-सनवाड़ में 58.47 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। तीनों निकायों के 70 वार्डों में मतदान जारी है, जहां कुल 39 हजार 957 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

-लोकतंत्र के महापर्व में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। कई मतदाता सुबह मतदान शुरू होने के साथ ही केंद्रों पर पहुंच गए। महिला मतदाताओं में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

-वल्लभनगर, भींडर और फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिकाओं के कुल 70 वार्डों के लिए मतदान हो रहा है। इनमें वल्लभनगर नगरपालिका के 20 वार्डों में 67 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं भींडर के 25 वार्डों में 58 तथा फतहनगर-सनवाड़ के 25 वार्डों में 65 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। तीनों निकायों में कुल 39 हजार 957 मतदाता चुनाव में मतदान कर रहे हैं।

-मतदान प्रतिशत की बात करें तो दोपहर एक बजे तक वल्लभनगर नगरपालिका में 63.22 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वहीं फतहनगर-सनवाड़ में 58.47 फीसदी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। मतदान प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी के साथ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है। भींडर में भी मतदान प्रक्रिया जारी है।

-मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। चुनाव कार्य के लिए 500 से अधिक कर्मचारियों को लगाया गया है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 200 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जिले में 31 संवेदनशील और 77 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं, जहां विशेष निगरानी रखी जा रही है।

-मतदान केंद्रों पर उमड़ता जनसमूह मतदाताओं की जागरूकता और लोकतांत्रिक भागीदारी को दर्शा रहा है। शहर के विकास और भविष्य को लेकर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में भी लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखी गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता