नगर निगम चुनाव की मतगणना अब भवानी निकेतन में
जयपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम जयपुर के आगामी चुनावों में मतगणना स्थल में बदलाव किया गया है। जिला निर्वाचन शाखा ने इस बार नगर निगम के 150 वार्डों की मतगणना जेएलएन मार्ग स्थित राजस्थान कॉलेज और कॉमर्स कॉलेज परिसर के बजाय सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर में कराने का निर्णय किया है। गणेश चतुर्थी पर मोतीडूंगरी मंदिर में आयोजित होने वाले मेले और जेएलएन मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक के अनुसार नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा और 14 सितंबर को मतगणना होगी। पहले मतगणना के लिए राजस्थान कॉलेज और कॉमर्स कॉलेज परिसर निर्धारित किया जाता रहा है। लेकिन इस बार गणेश चतुर्थी के आयोजन के कारण जेएलएन मार्ग पर यातायात दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ जुटने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए स्थान बदला गया है।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर मोतीडूंगरी मंदिर में मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसके चलते पुलिस प्रशासन को जेएलएन मार्ग पर गांधी सर्किल से त्रिमूर्ति सर्किल तक यातायात डायवर्ट करना पड़ता है। यदि मतगणना राजस्थान और कॉमर्स कॉलेज में होती तो प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ के कारण बजाज नगर मोड़ तक यातायात बंद करने की स्थिति बन सकती थी। इसी को देखते हुए जिला निर्वाचन शाखा ने मतगणना का स्थल भवानी निकेतन परिसर तय किया है।
नगर निगम चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों को भी भवानी निकेतन परिसर से रवाना किया जाएगा। 10 सितंबर को नगर निगम के 150 वार्डों के लिए पोलिंग पार्टियां यहां से रवाना होंगी। मतदान के बाद 11 सितंबर की देर शाम सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियां वापस भवानी निकेतन परिसर स्थित फार्मेसी कॉलेज में लाकर सुरक्षित रखी जाएंगी।
जयपुर जिले की अन्य नगर पालिकाओं और नगर परिषदों के चुनाव के लिए भी पोलिंग पार्टियों की रवानगी भवानी निकेतन से होगी। जिले की 16 नगर पालिकाओं—बगरू, चाकसू, जोबनेर, किशनगढ़-रेनवाल, फुलेरा, सांभर, बस्सी, दूदू, जमवारामगढ़, कालाडेरा, कानोता, खेजरोली, मनोहरपुर, नरायणा, फागी और वाटिका तथा दो नगर परिषदों—चौमूं और शाहपुरा के लिए पोलिंग पार्टियां 8 सितंबर को दो पारियों में रवाना होंगी। इन 18 निकायों में 9 सितंबर को मतदान होगा, जबकि इनकी मतगणना संबंधित निकाय मुख्यालयों पर ही कराई जाएगी। इस तरह भवानी निकेतन परिसर इस बार जयपुर जिले की चुनावी प्रक्रिया का प्रमुख केंद्र रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश